Crime News- चाकू लगने से घायल कांग्रेस कार्यकर्ता की इलाज के दौरान मौत…पहले मृतक के भांजे से विवाद, इसी के चलते दिया घटना को अंजाम.. फरार आरोपियों की तलाश जारी…जानिए क्या था पूरा मामला

 Crime News- चाकू लगने से घायल कांग्रेस कार्यकर्ता की इलाज के दौरान मौत…पहले मृतक के भांजे से विवाद, इसी के चलते दिया घटना को अंजाम.. फरार आरोपियों की तलाश जारी…जानिए क्या था पूरा मामला

 

भिलाई। कांग्रेस कार्यकर्ता पप्पू यादव पर एक सप्ताह पहले चाकू से जानलेवा हमला किया गया था। चाकूबाजी के शिकार कांग्रेस कार्यकर्ता की शनिवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में पहले ही दो आरोपी हरीश साहू और अमन महार को गिफ्तार कर लिया था। बाकी आरोपी घटना के बाद से फरार हैं। पुलिस ने इस मामले में हत्या की धारा जोड़कर आगे की जांच शुरू कर दी है। वहीं गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू के विधानसभा क्षेत्र का मामला होने के कारण मामला बेहद गर्म हो गया है।

पुलिस के मुताबिक बीते 25 नवंबर की रात को पप्पू यादव टंकी मरोदा में शीतला मंदिर के पास स्थित चाय चौपाल नाम की दुकान के पास बैठा था। उसी दौरान आरोपी मंगल देवार, दादू देवार, हरीश साहू, अमन महार और अन्य पहुंचे। आरोपियों ने पप्पू यादव के भांजे विशाल यादव से हुए विवाद को लेकर विवाद शुरू कर दिया था।

विवाद के दौरान मंगल देवार ने अपने पास से चाकू निकालकर पप्पू यादव के पेट में घोंप दिया था। वहां उपस्थित उसके रिश्तेदार अमन ने बीच बचाव की कोशिश की तो आरोपियों ने उससे भी मारपीट की। इसके बाद सभी युवक मौके से फरार हो गए थे। घटना की जानकारी मिलने के बाद नेवई पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की । पुलिस ने आरोपी हरीश साहू और अमन महार को गिरफ्तार कर उन्हें जेल भेजा था। बाकि आरोपी मंगल देवार, दादू देवार और अन्य की तलाश की जा रही है।

इधर गंभीर रुप से घायल पप्पू यादव को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां इलाज के दौरान शनिवार को उसकी मौत हो गई। जिसके बाद नेवई पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ दर्ज जानलेवा हमले की धारा में हत्या की धारा जोड़कर जांच शुरू कर दी है।

Share

Related post