Bhilai News-बेहाल खुर्सीपार इंडोर स्टेडियम देख नाराज हुए जिला कलेक्टर अभिजीत सिंह…स्टेडियम का दुर्गति की जांच करेगी संयुक्त समिति…15 दिन के भीतर जांच समिति पेश करेगी रिपोर्ट…अब तीन गार्ड दिन रात देंगे पहरा…पढ़िए खबर

भिलाई। दुर्ग जिलाधीश अभिजीत सिंह आज पूरे तेवर में नजर आए। दोपहर भिलाई निगम पहुंचे। सुशासन तिहार के आवेदनों को देखा। खुर्सीपार मिनी एवं इंडोर स्टेडियम पहुंचे। इंडोर स्टेडियम की दुर्दशा देख बेहद नाराज हुए। जिम्मेदार अधिकारियों से सवाल जवाब किया। स्टेडियम की जांच के लिए संयुक्त जांच समिति का गठन कर दिया। इसे लेकर भिलाई निगम, खेल विभाग तथा लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों में हड़कंप मचा हुआ है। अधिकारी 15 दिन के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपेगे।
बता दें कि दुर्ग जिलाधीश अभिजीत सिंह गुरुवार को भिलाई पहुंचे थे। उनके द्वारा सुशासन तिहार 2025 में प्राप्त आवेदनों की जानकारी ली गई। इसके बाद जिलाधीश अभिजीत सिंह खुर्सीपार मिनी स्टेडियम एवं इंडोर स्टेडियम का निरीक्षण करने करने गए।उन्होंने स्टेडियम परिसर में बनी दुकानों का मूल्यांकन कर उपयोगी बनाने कहा। मिनी स्टेडियम के पास बने इंडोर स्टेडियम का निरीक्षण करने पहुंचे। इंडरो स्टेडियम का निर्माण लोक कर्म विभाग दुर्ग द्वारा किया गया है। निर्माण उपरांत खेल विभाग दुर्ग के अधिपत्य में दे दिया गया था। वर्तमान में स्टेडियम की स्थिति देखकर जिलाधीश बेहद नाराज हुए। कहा कि प्राइम लोकेशन पर निर्मित स्टेडियम में से खिड़की दरवाजे, खेल सामग्री, विद्युतीकरण सामग्री चोरी हो गया किसी को पता नहीं चला। जबकि स्टेडियम से 500 मीटर दूरी पर खुर्सीपार पुलिस थाना है।
जिलाधीश ने खेल अधिकारी से पूछा कि खेल विभाग द्वारा इसे नगर निगम को हैंडोवर क्यों नहीं किया गया। जिलाधीश के आदेश पर तुरंत एक संयुक्त जांच समिति गठित किया गया है। जिसके द्वारा किन-किन संपत्तियों का नुकसान हुआ है, उसका आंकलन किया जाएगा । जांच समिति में लोक निर्माण विभाग दुर्ग से कार्यपालन अभियंता एवं सहायक अभियंता, खेल एवं युवा कल्याण विभाग दुर्ग से उपसंचालक एवं खेल अधिकारी, थाना छावनी के थाना प्रभारी, नगर निगम भिलाई के जोन आयुक्त एवं कार्यपालन अभियंता को शामिल किया गया है। जो 15 दिन के भीतर जांच कर जिलाधीश को रिपोर्ट सौपेंगे।
तीन गार्ड दिन रात देंगे पहरा
जिलाधीश के आदेश के बाद भिलाई निगम प्रशासन द्वारा तीन पाली के लिए तीन गार्ड की नियुक्ति कर दी गई है, जो खुर्सीपार पुलिस के संपर्क में रहेंगे।