Charoda News-भव्य व मनमोहक जोधपुर पैलेस में विराजेंगे गणपति बप्पा…चरोदा के जोन-2 रेलवे कॉलोनी में 18 वें वर्ष मनेगा गणेशोत्सव…पंडाल के अंदर द्वादश ज्योतिर्लिंगों के एक साथ होंगे दर्शन…खबर में पढ़िए और क्या रहेगा खास

 Charoda News-भव्य व मनमोहक जोधपुर पैलेस में विराजेंगे गणपति बप्पा…चरोदा के जोन-2 रेलवे कॉलोनी में 18 वें वर्ष मनेगा गणेशोत्सव…पंडाल के अंदर द्वादश ज्योतिर्लिंगों के एक साथ होंगे दर्शन…खबर में पढ़िए और क्या रहेगा खास

 

भिलाई। नव युवा चेतना मंच द्वारा चरोदा के जोन-2 रेलवे कॉलोनी में इस बार भी लगातार 18 वें वर्ष गणेशोत्सव का आयोजन पूरी भव्यता के साथ किया जा रहा है। इस बार यहां पर जोधपुर के पैलेस का भव्य व मनमोहक प्रतिरुप आकर्षण का केन्द्र रहेगी। इसके अलावा पंडाल में 17 फीट ऊंची भगवान गणेश जी के साथ ही द्वादश ज्योतिर्लिंगों के भी एक साथ दर्शन होंगे।

नव युवा चेतना मंच द्वारा चरोदा के जोन-2 रेलवे कॉलोनी में गणेशोत्सव का यह 18 वां वर्ष है। गत वर्ष यहां गणेशोत्सव पंडाल को अयोध्या के श्रीराम मंदिर और वृंदावन के प्रेम मंदिर का स्वरूप दिया गया था। वहीं वर्ष 2022 में सेन्ट्रल विस्टा के प्रतिरुप का भव्य तरीके से बनाया गया पंडाल जबरदस्त तरीके से आकर्षण बिखेरने में सफल रहा था। आयोजन समिति इस बार के गणेशोत्सव के लिए जोधपुर पैलेस जैसा पंडाल बना रही है। पंडाल की ऊंचाई 105 फीट और चौड़ाई 140 फीट है। पंडाल के शिखर में तिरंगा झंडा के साथ भारत माता की प्रतिमा स्थापित करते हुए गणपति बप्पा के भक्तों को देश भक्ति का संदेश देने का भी प्रयास किया गया है। पश्चिम बंगाल से आए लगभग 40 कारीगरों का समूह इस पंडाल को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है।

नव युवा चेतना मंच के संरक्षक एवं पार्षद चन्द्र प्रकाश पाण्डेय, अध्यक्ष जय प्रकाश पाण्डेय व कोषाध्यक्ष सनातन कुमार ठाकुर ने बताया कि नव युवा चेतना मंच के लगभग 130 सदस्य गणेशोत्सव को सफल बनाने जुटे हुए हैं। गणपति बप्पा का दर्शन करने आने वाले भक्तों को पंडाल के अंदर द्वादश ज्योतिर्लिंगों के दर्शन का भी लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि गत वर्षों की तरह इस बार भी आने वाले दर्शनार्थियों के मनोरंजन के लिए गणेशोत्सव पंडाल के सामने मीना बाजार और झूले आदि का भी विशेष रूप से व्यवस्था रहेगी।

Share

Related post