Big Breaking- चुनाव के पहले कांग्रेस को बड़ा झटका…भिलाई निगम के पूर्व सभापति व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राजेंद्र अरोरा ने कांग्रेस से दिया इस्तीफा…बताया ये कारण

 Big Breaking- चुनाव के पहले कांग्रेस को बड़ा झटका…भिलाई निगम के पूर्व सभापति व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राजेंद्र अरोरा ने कांग्रेस से दिया इस्तीफा…बताया ये कारण

 

भिलाई। वरिष्ठ कांग्रेस नेता तथा भिलाई निगम के पूर्व सभापति राजेंद्र अरोरा ने आज कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया है। इसे कांग्रेस के लिए बड़ा झटका माना जाता है। अरोरा की कैंप, खुर्सीपार में खासी पकड़ बताई जाती है।

राजेंद्र अरोरा छत्तीसगढ़ के कृषि मंत्री रविंद्र चौबे के बेहद खास समर्थकों में से एक रहे हैं। बीते कुछ दिनों से वे कांग्रेस में स्वयं को उपेक्षित महसूस कर रहे थे। बीते निकाय चुनाव में कांग्रेस ने उन्हें टिकट दे दिया, पर अरोरा का आरोप है कि कांग्रेस के लोगों ने ही भीतरघात कर हराने का काम किया था। उसके बाद से अरोरा कांग्रेस संगठन से लगातार नाराज चल रहे थे। बीते महीने कैंप 2 स्थित मदर टेरेसा नगर ज्ञानोदय स्कूल में सियान सदन के निर्माण का उन्होंने खुलकर विरोध किया था। उनके खास समर्थक दिवाकर भारती पहले ही कांग्रेस से इस्तीफा देकर जोगी कांग्रेस का दामन थाम चुके हैं। दिवाकर भारती जोगी कांग्रेस से चुनाव लड़ रहे हैं।

राजेंद्र अरोरा ने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज को भेज गए इस्तीफे में कुछ इस तरह से अपना दर्द बयां किया….

श्रीमान दीपक बैज जी

प्रदेश अध्यक्ष छत्तीसगढ़ कांग्रेस कमेटी

“सादर नोटबुक

यह पत्र में अत्यंत व्यथित मन से लिख रहा हूँ, जीवन के लगभग 40 साल मैंने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की रीति नीति में चलकर जन सेवा और परोपकार को अपना उद्देश्य माना लेकिन बीते 4-5 वर्षों मे जो कुछ भी मिलाई जिला कांग्रेस कमेटी के जिम्मेदार लोगो ने किया है यह अत्यंत पीड़ादाई है ऐसे हालात में कांग्रेस में बने रहना अपने आत्म सम्मान को ठेस पहुँचाने के बराबर है

महोदय जी मुझे सन् 1983-84 में मध्यप्रदेश कांग्रेस का सम्मेलन भिलाई के नेहरु सांस्कृतिक सदन सेक्टर-1 में हुआ। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के तत्कालीन महामंत्री राजीव गांधी की उपस्थिति में मध्यप्रदेश के तत्कालिन मुख्यमंत्री श्री अर्जुन सिंह द्वारा मुझे सर्वोत्तम कार्यकर्ता के रूप में सम्मानित किया गया। इसके बाद भिलाई नगर युवक कांग्रेस का महामंत्री बना तब अपने अच्छे कार्य के लिए मध्यप्रदेश युवक कांग्रेस के तत्कालीन अध्यक्ष सुरेश पचौरी के चार बार और बाद में सुरेद्र सिंह ने दो बार बेहतर काम करने के लिए सम्मानित किया था। मैंने कैम्प क्षेत्र के जनता के साथ मिलकर “बैकुंठधाम” मंदिर का भव्य निर्माण कर सन् 2000 में प्राण प्रतिष्ठा कराई यह मंदिर आज पूरे छत्तीसगढ़ में विख्यात है।

भिलाई नगर निगम गठन के पश्चात् वर्ष 2000, 2005 और 2010 में हुए चुनाव में लगातार तीन बार कैम्प क्षेत्र की श्रमिक बहुल बस्ती से चुनाव लड़ा और पूरे निगम क्षेत्र में सर्वाधिक मतों से जीत के अंतर का रिकॉर्ड मेरे नाम रहा तथा सन् 2010 में नगर पालिक निगम भिलाई का सभापति बना । भिलाई की प्रथम महापौर सुश्री नीता लोधी और वैशाली नगर के विधानसभा में हुए उप चुनाव में भजन सिंह निरंकारी को विजयी लीड मेरे वार्ड क्षेत्र से मिली। मैं जमीन से जुड़ा कांग्रेस का सिपाही रहा हूँ जनहित के कार्य और जन सरोकार से जुड़े मुद्दे उठाकर सदैव कांग्रेस को मजबूत करने का काम किया। रियायती दर पर जमीन आवंटन के बदले साड़ा प्रशासन से हुए करार के मुताबिक चंदूलाल चंद्राकर मेमोरियल हॉस्पिटल में गरीबों का मुफ्त इलाज व बेड आरक्षित रखने को लेकर संघर्ष किया। कोसानाला टोल प्लाजा में अवैध टोल वसूली का मुद्दा उठाया। जनहित याचिका भी दायर की। मेरे दोनो संघर्ष का फायदा जनता को मिला।

मैंने केम्प 2 में वैकुंठधाम के पास सूर्यकुंड निर्माण को लेकर संघर्ष किया। भाजपा शासन काल में निर्माण का भूमिपूजन भी हुआ और अधूरा कार्य हुआ और कानूनी अड़चन के कारण यह कार्य भाजपा शासन काल में पूर्ण नही हो सका लेकिन अफसोस की बात है कि कानूनी अड़चन हटने के बाद भी मेरे द्वारा कई बार निवेदन करने के बाद भी मिलाई नगर के विधायक माननीय श्री देवेन्द्र यादव, महापौर श्री नीरज पाल और जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री मुकेश चन्द्राकर के द्वारा यह कार्य को नही कराया गया, अदालत में मामला लंबित होने का बहाना कर टाल दिया गया, जबकि प्रस्तावित निर्माण स्थल को लेकर कोर्ट को ऐसा कोई आदेश निर्देश नही है। ऐसा करना ना केवल मेरी बल्कि छत्तीसगढ़ के लोगो तथा यहां बड़ी संख्या में रहने वाले उत्तर भारतवासियों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का काम कांग्रेस और स्थानीय नेतृत्वकर्ताओं ने किया है।

मुझे बेहद खेद के साथ यह कहना पड़ रहा है कि आज कांग्रेस में वरिष्ठों का कोई स्थान नही है। इस शहर में बहुत दिग्गज कांग्रेस नेता और समर्पित कार्यकर्ता हैं जिन्होने अपनी मेहनत और निष्ठा से कांग्रेस पार्टी को सीचा और संवारा है, लेकिन उन्हे मात्र चुनाव के समय ही याद किया जाता है। आज के पदाधिकारी और नेता उन्हे जानबूझकर अपमानित कर रहें है। चाहे विधायक श्री देवेन्द्र यादव महापौर श्री नीरज पाल और जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री मुकेश चन्द्राकर हो। उन्हें ना तो जनता की परवाह है, ना ही पार्टी और ना ही वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की जिनकी बदौलत वे आज सत्ता सुख भोग रहें है कांग्रेस में पहले ऐसा बुरा दौर कभी नही रहा। वरिष्ठों को बराबर सम्मान और आयोजनों में स्थान मिलता रहा है। मेरे जैसे सैकड़ो कार्यकर्ता है जो इस समय आहत और अपमानित महसूस कर रहें है। मैं कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से अपना इस्तीफा दे रहा हूँ।

“सदर”

– श्री मुकेश चन्द्राकर

अध्यक्ष जिला कांग्रेस कमेटी

दिनांक- 26.10.2023

विनित

राजेन्द्र सिंह अरोरा पूर्व सभापति नगर निगम भिलाई एवं संस्थापक बैकुंठधाम

Share

Related post